
2 दिवसीय दौरे पर उत्तराखण्ड पहुंचे जेपी नड्डा…2022 विधानसभा चुनावों की रणनीति करेंगे तैयार
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर उत्तराखण्ड पहुंचे। 2022 में होने वाले उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को देखते हुए बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा बेहद अहम माना जा रहा है। दो दिन तक चलने वालीं बैठकों में 2022 के विधानसभा चुनाव की रणनीति पर मंथन होगा। पहले दिन जेपी नड्डा ने हरिद्वार में प्रदेश बीजेपी पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों, विधानसभा प्रभारियों, प्रदेश मोर्चा अध्यक्षों और प्रदेश महामंत्रियों के साथ अहम बैठक की। साथ ही नड्डा ने बीजेपी विधायकों और सांसदों के साथ भी 2022 चुनाव को लेकर मंत्रणा की। इसके अलावा उन्होंने उत्तराखंड सरकार के मंत्रियों और समितियों की भी बैठकें ली है। इससे पहले जौलीग्रांट पहुंचने पर सीएम पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक समेत तमाम नेताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया। इस दौरान जगह-जगह पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष का फूल मालाओं से स्वागत किया। शनिवार को जेपी नड्डा रायवाला में पूर्व सैनिकों के साथ एक संवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे। साथ ही कल जिलाध्यक्ष, नगर निगम, डीसीबी अध्यक्षों के साथ भी उनकी बैठक होगी। इसके अलावा वो कल शाम हरिद्वार में साधु-संतों से मुलाकात कर संतों का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।