रूद्रप्रयाग में भूस्खलन की चपेट में आई महिलाएं, 3 महिलाओं की दर्दनाक मौत
रूद्रप्रयाग-उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में बड़ा दर्दनाक हादसा हुआ है। जिले के चिरबटिया से लगे लुठियाल गांव में मिट्टी लेने गई तीन महिलाएं भूस्खलन के मलबे में दब गईं। इससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रुद्रप्रयाग से जिला आपदा प्रबंधन की टीम और पुलिस प्रशासन का बचाव दल मौके पर पहुंचा। महिलाओं की खोजबीन के लिए बचाव अभियान शुरू किया गया। हादसा गुरुवार को तीन बजे के आसपास लुठियाल गांव में हुआ। गांव की तीन महिलाएं घर की लिपाई-पुताई के लिए मिट्टी लेने गईं थी। यह गांव तिलवाड़ा-टिहरी मोटर मार्ग पर चिरबटिया के समीप है। मिट्टी खोदते समय अचानक मलबा इनके उपर जा गिरा। हादसे के बाद देर रात तक लोगों को जानकारी नहीं हुई। काफी देर बाद जब लोगों को पता चला उन्होंने पुलसि प्रशासन को हादसे की सूचना दी। रेस्क्यू टीम ने तीनों महिलाओं के शव मलबे से निकाले लिये हैं। मरने वालों में लुठियाग गांव की आशा देवी उम्र 40 साल, सौड़ी देवी उम्र 48 साल और माला देवी उम्र 52 साल मिट्टी लेने के लिए गांव के समीप ही गए थे, जहां अचानक भूस्खलन हुआ और तीनों महिलाएं मलबे में दब गईं।